स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत 146 करोड़ रुपये से भोरमदेव कॉरिडोर का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने किया भूमिपूजन
बोड़ला से भोरमदेव तक सड़क उन्नयन की घोषणा
रायपुर , केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि छत्तीसगढ़ भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनता जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ न केवल विकास के नए आयाम स्थापित करेगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना का विधिवत भूमिपूजन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री शेखावत ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

इस परियोजना के अंतर्गत भोरमदेव मंदिर परिसर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ एवं सरोदा जलाशय तक एक सुव्यवस्थित और समग्र पर्यटन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उज्जैन और वाराणसी की तर्ज पर विकसित होने वाला यह कॉरिडोर भोरमदेव को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के आग्रह पर भोरमदेव से बोड़ला तक सड़क चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण की भी घोषणा की।
भोरमदेव महोत्सव स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत ने कहा कि कबीरधाम जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को धरातल पर उतारते हुए विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती पर राज्य सरकार द्वारा निर्णायक कार्रवाई से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क, पुल, आवास, उज्ज्वला योजना, पेयजल, बिजली, डीबीटी और रोजगार जैसी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में 125 दिनों के रोजगार और बेरोजगारी की स्थिति में हर्जाने की गारंटी को उन्होंने मोदी की गारंटी बताया।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पुराना भोरमदेव मंदिर हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है और यह कॉरिडोर आने वाले हजार वर्षों तक इसके संरक्षण का माध्यम बनेगा। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बाबा भोरमदेव मंदिर के विकास हेतु भूमिपूजन होना अत्यंत हर्ष का विषय है। सावन माह में हजारों कांवड़िए यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से बैगा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों तक पक्की सड़क, आवास, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर इलाज की सुविधा दी जा रही है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव कॉरिडोर की स्वीकृति और आज उसका भूमिपूजन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य आस्था केंद्रों, विशेषकर पंचमुखी श्री बुढ़ा महादेव मंदिर, के विकास हेतु भी जनसहयोग से कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, श्रद्धालु और नागरिक उपस्थित रहे।
