Shri Ram Mandir Pran Pratistha: अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस वर्ष श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ 22 जनवरी के बजाय 31 दिसंबर को मनाई जाएगी। समारोह का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
पंचांग के अनुसार तय हुई तारीख
प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ की तिथि भारतीय पंचांग के अनुसार तय की गई है। सनातन परंपरा में पर्व अंग्रेजी कैलेंडर के बजाय तिथि के आधार पर मनाए जाते हैं। वर्ष 2024 में प्राण प्रतिष्ठा पौष शुक्ल द्वादशी को हुई थी, जिसकी अंग्रेजी तारीख 22 जनवरी थी। वर्ष 2025 में यही द्वादशी 31 दिसंबर को पड़ रही है, इसलिए इसी दिन प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह आयोजित किया जाएगा।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि पहली वर्षगांठ 11 जनवरी 2025 को मनाई गई थी, जबकि दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर 2025 को मनाई जाएगी।
27 दिसंबर से 1 जनवरी तक धार्मिक अनुष्ठान
जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर से 1 जनवरी तक श्रीराम मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। इस दौरान श्रीरामकथा, रामलीला, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सभी कार्यक्रम अंगद टीला परिसर में आयोजित किए जाएंगे और आम श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।

रामलीला में छत्तीसगढ़ के युवाओं की सहभागिता
29 और 30 दिसंबर को सायंकाल 5:30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के युवा कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा, जो इस समारोह का विशेष आकर्षण रहेगा।
31 दिसंबर को राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल
31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचेंगे। वे सुबह करीब 11 बजे मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। दोपहर 1 बजे अंगद टीला पर उनका संबोधन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।
इसी दिन सायंकाल 6 से 8 बजे तक कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय कवि भगवान श्रीराम का गुणगान और वंदे मातरम का गायन करेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की पूरी रूपरेखा
- 27 दिसंबर: कार्यक्रमों का शुभारंभ
- 29 दिसंबर: दोपहर 2 से 5 बजे तक रामदिनेशाचार्य द्वारा रामकथा
- 29–30 दिसंबर: छत्तीसगढ़ के युवाओं द्वारा रामलीला
- 31 दिसंबर:
- वाराणसी की अंशिका सिंह की प्रस्तुति
- सायंकाल कवि सम्मेलन
- 1 जनवरी:
- अनूप जलोटा द्वारा रामकथा आधारित नृत्य-नाटिका
- फिरोजाबाद का मयूरी डांस ग्रुप
- गायिका तृप्ति शाक्य की प्रस्तुति (शाम 6 से 9 बजे)
- 2 जनवरी:
- सुरेश वाडेकर और संजोली पांडेय द्वारा भगवान श्रीराम की शक्ति पूजा
- शालिनी चतुर्वेदी की सांस्कृतिक प्रस्तुति (शाम 6 से 9 बजे)
पाटोत्सव के रूप में मनाई जाएगी वर्षगांठ
श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का यह दूसरा वर्ष है, जिसे पाटोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भक्ति के संगम के साथ अयोध्या में यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक होने जा रहा है।
