Syed Mushtaq Ali Trophy 2025: पुणे। SMAT 2025 का फाइनल मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया, जहां झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 69 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। यह झारखंड की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहली खिताबी जीत है, जिसने टीम और फैंस दोनों के लिए इस पल को यादगार बना दिया।
ईशान किशन की कप्तानी पारी ने बदला मैच का रुख
टॉस जीतकर हरियाणा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उस पर भारी पड़ा। झारखंड की शुरुआत भले ही अच्छी नहीं रही और विराट सिंह जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया। ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 101 रन ठोक दिए। उनकी इस तूफानी पारी में 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे, जिसने फाइनल की दिशा पूरी तरह झारखंड के पक्ष में मोड़ दी।

कुमार कुशाग्र और निचले क्रम का जबरदस्त योगदान
ईशान किशन का भरपूर साथ कुमार कुशाग्र ने दिया। कुशाग्र ने मात्र 38 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में अनुकूल रॉय और रोबिन मिंज ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की। अनुकूल रॉय ने 20 गेंदों में नाबाद 40 रन, जबकि रोबिन मिंज ने 14 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया। इन शानदार पारियों के दम पर झारखंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

गेंदबाजों ने भी नहीं छोड़ी कोई कसर
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। पहले ओवर में ही विकास सिंह ने दो अहम विकेट झटककर झारखंड को बढ़त दिला दी। हालांकि यशवर्धन दलाल (53 रन) और निशांत सिंधू (31 रन) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन वे टीम को लक्ष्य के करीब नहीं ले जा सके। अंत में सामंत जाखड़ ने 38 रनों की पारी खेली, लेकिन हरियाणा की पूरी टीम 193 रनों पर सिमट गई।

पहली बार चैंपियन बना झारखंड
69 रनों की बड़ी जीत के साथ झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अपने नाम कर ली। कप्तान ईशान किशन की अगुवाई में टीम का सामूहिक प्रदर्शन इस ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी वजह बना। यह खिताब झारखंड क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय साबित हुआ है।
