प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा और योग आधारित उपचार सुविधाओं को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में नेचुरोपैथी भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 62 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह भवन बनने के बाद कुनकुरी नगरवासियों को अत्याधुनिक प्राकृतिक चिकित्सा सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।
नेचुरोपैथी केंद्रों का उद्देश्य योग, आहार-विनियमन, मिट्टी स्नान, हर्बल उपचार और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुविधा शुरू होने पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय को स्वास्थ्य क्षेत्र में नई दिशा और नई उम्मीद बताया है।
जशपुर : स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में लगातार नई उपलब्धियाँ
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिल चुकी है—
- मेडिकल कॉलेज निर्माण हेतु 359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति
- 220 बिस्तर अस्पताल के लिए 32 करोड़ की मंजूरी
- नर्सिंग महाविद्यालय के लिए 8 करोड़
- फिजियोथेरेपी महाविद्यालय हेतु 14 करोड़
- कल्याण आश्रम अत्याधुनिक चिकित्सालय भवन के लिए 35 करोड़
- गिनाबहार मातृत्व-शिशु चिकित्सालय भवन के निर्माण हेतु 8 करोड़ की स्वीकृति
इन परियोजनाओं से जिले में स्वास्थ्य सेवाएँ अधिक सुलभ, आधुनिक एवं व्यवस्थित होंगी।
