Virat Kohli : मुंबई। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भारत लौट आए हैं। कोहली के मुंबई एयरपोर्ट पहुंचते ही उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। बैगी ब्राउन शर्ट, काला पैंट और आंखों पर काला चश्मा लगाए विराट का कूल लुक फैंस को खूब पसंद आया। एयरपोर्ट पर उन्होंने कई प्रशंसकों के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कोहली लंदन से सीधे मुंबई पहुंचे हैं, जहां से वे टीम के साथ रांची रवाना होंगे। रांची में 30 नवंबर को वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया 27 नवंबर को रांची पहुंचेगी, ऐसे में उम्मीद है कि सीरीज शुरू होने से पहले यहीं कैंप लगाया जाएगा। चर्चा यह भी है कि विराट रांची जाने से पहले बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का रुख कर सकते हैं, जहां हाल के दिनों में कप्तान रोहित शर्मा भी प्रैक्टिस करते दिखे हैं।
आपको बता दें कि विराट कोहली 2024 से लंदन में शिफ्ट हो चुके हैं और अधिकतर समय अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बच्चों के साथ वहीं बिताते हैं। भारत के लिए खेलने के लिए वे अक्सर लंदन से आते-जाते रहते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 31 वनडे मैचों की 29 पारियों में 1504 रन बनाए हैं। 65.39 के औसत के साथ कोहली ने 5 शतक और 8 अर्धशतक जड़े हैं। उनका स्ट्राइक रेट 85.74 का रहा है। आने वाली वनडे सीरीज में भी फैंस को कोहली से बड़े स्कोर की उम्मीदें होंगी।

भारत की 15 सदस्यीय टीम में विराट कोहली के साथ रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, नीतीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा शामिल हैं।
