Contents
छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संरचना को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण सिंचाई योजनाओं के कार्यों हेतु 7 करोड़ 48 लाख 58 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
शंकरगढ़ के खर्रानाला स्टॉपडेम निर्माण को 3.74 करोड़ की स्वीकृति
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड शंकरगढ़ में खर्रानाला स्टॉपडेम निर्माण हेतु 3 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना से—
- निस्तारी व्यवस्था में सुधार,
- भूजल स्तर में वृद्धि,
- पेयजल का अतिरिक्त स्रोत,
- ग्रामीण आवागमन में सुगमता,
- तथा किसानों द्वारा स्वयं सिंचाई साधनों के माध्यम से 58 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
उदयपुर के पंडरीडांड जलाशय के जीर्णोद्धार पर 3.74 करोड़ खर्च होंगे

सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर स्थित पंडरीडांड जलाशय के बांध और नहरों के जीर्णोद्धार कार्य के लिए 3 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद—
- जलाशय की 233 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता की कमी दूर होगी,
- और पूर्व निर्धारित 445 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा पुनः सुचारू होगी।
मुख्य अभियंता को दिए गए दायित्व
दोनों परियोजनाओं के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को सौंपी गई है।
