Pandharpur Pickup Van Accident : सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। म्हसवाड–पंढरपुर मार्ग पर तांडुवाड़ी गांव के पास एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी, जिसमें 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे और दर्शन के बाद अपने गांव रंजनी लौट रहे थे। इसी दौरान मालशिरस तालुका के पास तांडुवाड़ी गांव में वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे कुएं में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग रंजनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रशासन ने क्रेन और बचाव दल की मदद से पिकअप को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
