Bihar Election 2025 : नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के BJP मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर जश्न का माहौल बनाया। गाड़ी से उतरते ही उन्होंने बिहारी अंदाज में गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का आभार जताया, जिस पर ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंज उठे। संबोधन की शुरुआत ‘जय छठी मईया’ से करते हुए PM ने कहा, “बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया! यह प्रचंड जीत जनता-जनार्दन का आशीर्वाद है। हम जनता का दिल चुराकर बैठे हैं, इसलिए फिर एक बार NDA सरकार।” उन्होंने चेतावनी दी कि “कट्टा सरकार अब वापस नहीं आएगी” और बिहार ने विकसित राज्य के लिए मतदान किया है।
PM मोदी ने चुनाव प्रचार में की गई रिकॉर्ड वोटिंग की अपील को याद करते हुए कहा कि बिहार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश NDA को मिला है। उन्होंने लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि पहले माओवादी आतंक और नक्सल प्रभाव में 3 बजे वोटिंग बंद हो जाती थी, लेकिन इस बार बिना डर के उत्सव की तरह मतदान हुआ। जंगलराज के समय मतपेटियां लूटी जाती थीं, लेकिन अब शांतिपूर्ण मतदान और री-पोलिंग की नौबत नहीं आई। 1995 में हजारों बूथों पर री-पोलिंग हुई थी, इस बार दो चरणों में कहीं नहीं।
NDA ने 243 सीटों में से 208 पर बढ़त बनाई, जिसमें BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी (95 सीटें), JD(U) 83, LJP(RV) 19, HAM 5 और अन्य 6 पर। महागठबंधन महज 28 पर सिमट गया। PM ने सोशल मीडिया पर भी बधाई देते हुए लिखा, “यह सुशासन की जीत है। हम बिहार को इंफ्रास्ट्रक्चर, संस्कृति, युवा और नारी शक्ति के लिए सशक्त बनाएंगे।” मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत केवल NDA की नहीं, लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर जनता के विश्वास की भी है। बिहार में डबल इंजन सरकार अब और तेजी से विकास करेगी।
