मुख्यमार्ग से जुड़कर विकास की राह पर अग्रसर हुआ कबीरधाम का बैगा बाहुल्य गांव
कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल और बैगा बाहुल्य क्षेत्र जो कभी सड़क सुविधा के अभाव में विकास से वंचित थे, अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से नई रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत बोड़ला विकासखंड के ग्राम सरई तक सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे अब यह गांव मुख्य सड़क मार्ग से जुड़ गया है।
इस सड़क से अब गांव के 51 बैगा परिवारों के 371 सदस्यों को मुख्यमार्ग तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। पहले यहां तक कोई पक्की सड़क नहीं थी, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंच में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। अब सड़क निर्माण के बाद गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
एंबुलेंस अब सीधे गांव तक पहुंचने लगी है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल पा रहा है। बच्चों को स्कूल जाने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने और ग्रामीणों को आवश्यक वस्तुएं लाने में अब आसानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से गांव में विकास की नई संभावनाएं खुल गई हैं। महिलाएं अब स्वास्थ्य केंद्र और बाजार तक आसानी से पहुंच रही हैं। एक ग्रामीण महिला ने बताया — “पहले सड़क नहीं थी तो शहर जाने में आधा दिन लग जाता था, अब मात्र 15 मिनट में मुख्यमार्ग तक पहुंच जाते हैं।”
प्रधानमंत्री जनमन योजना ने वनांचल वासियों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाया है। यह योजना न केवल भौगोलिक दूरी घटा रही है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक रूप से भी लोगों को मुख्यधारा से जोड़ रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री संतोष ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत कवर्धा जिले में वर्ष 2023-24 से अब तक जनजातीय बहुल क्षेत्रों में कुल 76 सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें से 8 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष सड़कों पर कार्य तेजी से जारी है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत सरई ग्राम तक पहुंचने वाली यह सड़क अब वनांचल विकास की मिसाल बन चुकी है, जो न केवल लोगों को मुख्यधारा से जोड़ रही है बल्कि उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद भी जगा रही है।
