कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में कृषि केन्द्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी उप संचालक कृषि भीमराव घोड़ेसवार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ब्रजेश तुरकाने ने पिथौरा विकासखण्ड के उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चंचला कृषि केन्द्र लोहरीनडोगरी एवं मुकेश कृषि सेवा केन्द्र सोनासिल्ली में पी.ओ.एस. स्टॉक और भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया। साथ ही संबंधित फर्मों ने मासिक प्रगति प्रतिवेदन भी प्रस्तुत नहीं किया था। इस पर दोनों फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है।
इसी तरह, चंचला कृषि केन्द्र लोहरीनडोगरी और पटेल ब्रदर्स पिथौरा द्वारा बिना स्त्रोत के कीटनाशी दवाओं की बिक्री किए जाने का मामला भी सामने आया है। इन फर्मों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राप्त जवाबों के आधार पर उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं कीटनाशी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे हमेशा बिल लेकर ही उर्वरक खरीदें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत होने पर संबंधित विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क करें।
