रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने हजारों नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह जगाया। शहीद स्मारक भवन से तेलीबांधा और मरीन ड्राइव तक निकली इस 1500 मीटर लंबी यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों के साथ कदमताल करते हुए एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
सीएम साय का संदेश
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का महान अनुष्ठान है। हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेकर नागरिक देशभक्ति दिखाएं और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि दें।” उन्होंने यह भी कहा कि देश और प्रदेश की वास्तविक शक्ति आर्थिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण में निहित है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सुरक्षा बलों का योगदान
मुख्यमंत्री ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा, “हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को करारा जवाब देकर तिरंगे की शान को ऊंचा किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सशस्त्र बलों के प्रयासों से लाल झंडा लहराने वाले इलाके अब तिरंगे की गरिमा से रोशन हैं। यह शांति और विकास का संदेश देता है।”

विकसित छत्तीसगढ़ का विजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की दिशा में प्रदेश की योजना का उल्लेख किया। ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे की गरिमा तभी बढ़ेगी जब प्रदेश और देश आर्थिक रूप से सशक्त होंगे।
यात्रा में व्यापक सहभागिता
इस भव्य तिरंगा यात्रा में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक किरण सिंह देव, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। स्कूली बच्चे, युवा और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिए।

पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को सम्मान
यात्रा के समापन पर मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में आयोजित समारोह में पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और यादगार बनाया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान
भाजपा ने छत्तीसगढ़ में इस साल 50 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। पिछले साल यह आंकड़ा 24 लाख था। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 घरों में तिरंगा फहराने की योजना है। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है।
