मध्य प्रदेश को जल्द ही राज्य के सबसे लंबे फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 23 अगस्त को जबलपुर में दमोहनाका से मदन महल तक बने इस एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह फ्लाईओवर प्रदेश का सबसे बड़ा एलिवेटेड कॉरिडोर होगा। साल 2018 में नितिन गडकरी ने इसका भूमि पूजन किया था। इसमें रेलवे स्टेशन के ऊपर बना आकर्षक केबल स्टे ब्रिज भी शामिल है, जो फ्लाईओवर की खूबसूरती बढ़ाता है।
8 किलोमीटर लंबा, जाम से मिलेगी राहत
मदन महल से दमोह नाका के बीच अत्याधुनिक तकनीक से तैयार यह करीब 8 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर शहर के दो बड़े क्षेत्रों को जोड़ेगा। इसके बनने से जबलपुर की जनता को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
जनता के लिए शुभकामनाएं
PWD मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया।