Nitin Nabin New Team : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने करीब सात महीने के इंतजार के बाद राष्ट्रीय संगठन की नई टीम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में कई बड़े और अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिव शामिल किए गए हैं।
वसुंधरा राजे समेत 13 नेताओं को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नई राष्ट्रीय टीम में वसुंधरा राजे के अलावा राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस नियुक्ति के जरिए पार्टी ने अलग-अलग राज्यों और सामाजिक क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी है।
स्मृति ईरानी समेत 8 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया
बीजेपी की नई टीम में सुनील बंसल, विनोद तावड़े, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। स्मृति ईरानी की इस अहम संगठनात्मक जिम्मेदारी को पार्टी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बीएल संतोष के पास संगठन महासचिव की जिम्मेदारी बरकरार
नई टीम में संगठन के स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं सौदान सिंह और शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा तरुण चुग को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का नया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने राजेश अग्रवाल की जगह ली है। वहीं राजेश मंगल को सहकोषाध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष बीडी शर्मा को सभी इकाइयों के कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में 10 महिलाओं को भी स्थान दिया गया है।
आईटी सेल से अमित मालवीय की छुट्टी
नई टीम में सबसे चर्चित बदलावों में से एक बीजेपी के आईटी सेल से जुड़ा है। लंबे समय से पार्टी के आईटी सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को नई टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह दीपक महस्के को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अनिल बलूनी पहले की तरह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
कई पुराने नेताओं को नहीं मिली जगह
नितिन नबीन की नई टीम में जेपी नड्डा के कार्यकाल वाली टीम के कई नेताओं को शामिल नहीं किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, तरुण चुघ और राधामोहन दास अग्रवाल को नई टीम में जगह नहीं मिली। इसी तरह कई राष्ट्रीय सचिव और उपाध्यक्ष भी नई सूची से बाहर हो गए हैं।
नई टीम में राष्ट्रीय सचिवों की भी लंबी सूची
बीजेपी ने राष्ट्रीय सचिवों की जिम्मेदारी के लिए भी कई नेताओं के नाम घोषित किए हैं। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश पटेल, संदीप पाठक, फेंगनोन कोनयाक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देब वर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं।
संगठन में बड़े बदलाव के संकेत
नितिन नबीन की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि नई नियुक्तियों के जरिए बीजेपी ने संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने और राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने का प्रयास किया है। नई टीम में क्षेत्रीय संतुलन और महिला प्रतिनिधित्व पर भी विशेष जोर दिखाई दे रहा है।
