लंदन। Wimbledon 2025 के सेंटर कोर्ट पर सोमवार का दिन सिर्फ टेनिस के रोमांच से नहीं, बल्कि सितारों की चकाचौंध से भी भरपूर रहा। जब दुनिया के महान टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनौर के खिलाफ चौथे राउंड का मुकाबला खेला, तो दर्शकों की नजरें केवल कोर्ट तक सीमित नहीं रहीं। वीआईपी स्टैंड में बैठे भारत के क्रिकेट सुपरस्टार विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपनी मौजूदगी और अंदाज़ से खूब सुर्खियां बटोरीं।
जोकोविच की शानदार वापसी
पहला सेट 1-6 से हारने के बाद जोकोविच ने शानदार कमबैक करते हुए अगले तीन सेट 6-4, 6-4, 6-4 से जीतकर विंबलडन 2025 के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उनकी इस जीत पर विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “क्या शानदार मैच था! ये तो बस जोकोविच का सामान्य दिन था – एक ग्लैडिएटर की तरह!” कोहली ने जोकोविच को टैग करते हुए उन्हें बधाई दी।

फेडरर की मौजूदगी ने बढ़ाई शोभा
मैच के बाद जोकोविच ने इंटरव्यू में टेनिस लीजेंड रोजर फेडरर की मौजूदगी पर खुशी जताई और कहा, “शायद यह पहली बार है जब वह मुझे देख रहे थे और मैंने जीत हासिल की। पिछली बार हार गया था, इसलिए इस बार सिलसिला तोड़ना अच्छा लगा।” उन्होंने फेडरर को “महान चैंपियन” बताया और विंबलडन को उनका पसंदीदा टूर्नामेंट कहा।

विराट-अनुष्का बने ग्लैमर का केंद्र
मैच से ज्यादा सोशल मीडिया पर चर्चा Virat-Anushka के रॉयल लुक की रही। विराट का क्लासिक सूट और अनुष्का का एलिगेंट अंदाज़ इंटरनेट पर वायरल हो गया। फैंस ने 2015 और 2025 की विंबलडन में उनकी उपस्थिति की तुलना करते हुए इस “पावर कपल” की स्टाइल जर्नी को सराहा।

खेल और सितारों का संगम
इस हाई प्रोफाइल मैच को देखने के लिए न सिर्फ Virat-Anushka, बल्कि इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर जो रूट और जेम्स एंडरसन जैसे सितारे भी पहुंचे। रोजर फेडरर की उपस्थिति ने इस मैच को और खास बना दिया।
