स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया मैच ऐतिहासिक बन गया। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू कर रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिससे वे आईपीएल के इतिहास में अमर हो गए। 14 साल और 27 दिन की उम्र में डेब्यू करते हुए, वैभव आईपीएल इतिहास में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

पहली ही गेंद पर गगनचुंबी छक्का
राजस्थान रॉयल्स को पहले फील्डिंग करनी पड़ी। जब बल्लेबाजी की बारी आई, तो सभी की नजरें इस युवा खिलाड़ी पर थीं। टीम ने वैभव को ओपनिंग करने के लिए भेजा और सामने थे अनुभवी गेंदबाज शार्दुल ठाकुर। लेकिन वैभव ने अनुभव की जगह आत्मविश्वास से जवाब दिया और शार्दुल की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़ दिया, जिससे स्टेडियम में मौजूद हर कोई दंग रह गया।
इतिहास में दर्ज हुआ नाम
वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन चुके हैं। इस शॉट ने न सिर्फ दर्शकों को रोमांचित कर दिया बल्कि सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा दिया। हर कोई इस नन्हे बल्लेबाज की तारीफ कर रहा है।
34 रनों की धमाकेदार पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अपने डेब्यू मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। अंत में वह एडन मार्करम की गेंद पर आउट हुए, लेकिन तब तक वे करोड़ों दिल जीत चुके थे।
