अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। रविवार देर रात फिलाडेल्फिया के फेयरमाउंट पार्क इलाके में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों में से कम से कम दो किशोर हैं।
यह वारदात रात लगभग 10:30 बजे लेमन हिल ड्राइव पर हुई। स्थानीय पुलिस ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। इस गोलीबारी की घटना से कुछ घंटे पहले साउथ कैरोलिना के लिटिल रिवर इलाके में भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें 11 लोग घायल हो गए थे।
साउथ कैरोलिना की घटना रविवार रात 9:30 बजे एक निजी चार्टर बोट के पास हुई, जहां एक डॉक पर खड़ी नाव के आसपास झगड़ा शुरू हुआ और फिर गोलियां चलने लगीं। होरी काउंटी पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जबकि एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जो गोली लगने से नहीं बल्कि धक्का-मुक्की में घायल हुआ।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं। खास बात यह है कि दोनों गोलीबारी की घटनाएं एक ही रात के भीतर हुईं, जिससे अमेरिका में गन वायलेंस को लेकर फिर से बहस तेज हो गई है।