मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात कर स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना के विकास तथा किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को सुदृढ़ बनाने के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और लापरवाही जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चला रही है। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके। किसानों को इन उत्पादों के लाभों की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
