रायपुर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के ग्राम कोतरी स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने युवाओं को जीवन में सफलता हासिल करने के साथ एक अच्छा नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जीवन की चुनौतियों से घबराएं नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ते रहें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता मिलने में देरी होने पर निराश नहीं होना चाहिए। कठिन परिस्थितियों में भी हौसले और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। वहीं, कम उम्र में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं को भी जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
ग्रामीण महाविद्यालय की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना
श्री साव ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं और सुंदर परिसर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित यह महाविद्यालय महानगरों के स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर के एनएसएस शिविर में शामिल होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। विद्यार्थियों की उपलब्धियां भविष्य में लोरमी क्षेत्र को नई पहचान दिलाएंगी।
उन्होंने टेबल टेनिस में लगातार चार वर्षों से महाविद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की विशेष रूप से सराहना की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
रक्तदान और समाज सेवा के लिए युवाओं को किया प्रेरित
विद्यार्थियों द्वारा रक्तदान किए जाने की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त उपलब्ध कराकर जीवन बचाना सबसे बड़ा सेवा कार्य है। युवाओं का यह सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई और खेल के साथ समाज सेवा के प्रति भी समर्पित रहना चाहिए। अपनी प्रतिभा और मेहनत से भविष्य संवारने के साथ गांव, क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखना चाहिए।
महाविद्यालय में 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महाविद्यालय के विकास के लिए विभिन्न कार्यों की घोषणा की। इनमें कॉलेज की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा खेल मैदान के उन्नयन के लिए 40 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा महाविद्यालय के पहुंच मार्ग के लिए पहले ही 19 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, डॉ. उदय जायसवाल, दिनेश साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
