आरंग, आरंग विकासखंड अंतर्गत जिला रायपुर ग्रामीण की ग्राम पंचायत धनसुली में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संयुक्त तत्वावधान में संगठनात्मक बैठक सह सतत सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की।
बैठक के दौरान संगठन की मूल विचारधारा, छत्तीसगढ़िया अस्मिता, स्थानीय अधिकारों की रक्षा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की वर्तमान परिस्थितियों—बेरोजगारी, युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, महंगाई और सामाजिक समस्याओं—को लेकर गंभीर विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी ओमप्रकाश ध्रुव, ललिता मांडेकर, थानेश्वर साहू, नीलकंठ यादव, रवि पठारी, राहुल वर्मा, देवेंद्र साहू, प्रवीण वर्मा, जितेश वर्मा, लक्ष्मीनारायण सेन, पुराणिक धीवर, जयंत यादव, ममता साहू एवं माधुरी वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में उपस्थित ग्रामवासी धनसुली ने संगठन से जुड़ने पर सहमति जताते हुए भविष्य में जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बदले की भावना से संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को जेल में डालकर छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को दबाने का कार्य किया जा रहा है। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन दबने वाला नहीं है और संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने दोहराया कि संगठन की मूल धारा “छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ियावाद” है। इस विचारधारा को लेकर युवाओं में अब स्पष्ट समझ विकसित हो रही है कि छत्तीसगढ़ में उनके अधिकार क्या हैं और प्रदेश को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, मजबूती और जनसंघर्ष के संकल्प के साथ किया गया।
