जशपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रणजीता स्टेडियम में योगाभ्यास कर नागरिकों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने योग को भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक पद्धति बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसे वैश्विक मान्यता मिली है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। सीएम ने यह भी साझा किया कि वे खुद प्रतिदिन 25-30 मिनट योग करते हैं और कपालभाति के अभ्यास से उन्हें वजन कम करने में लाभ मिला है।
नक्सलवाद पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री साय ने International Yoga Day के मंच से नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और इसके समाप्त होते ही बस्तर सहित पूरे प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे का भी उल्लेख किया।
30 करोड़ की विकास परियोजनाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में 30 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 15 विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और 4 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों की जीवनशैली में सुधार आएगा।
योग और विकास का संदेश
मुख्यमंत्री ने योग को सभी आयु वर्ग के लिए उपयोगी बताते हुए इसे जीवन शक्ति और निरोग रहने का मूल मंत्र करार दिया। जशपुर में योग दिवस का यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विकास और प्रगति की दिशा में भी एक सार्थक पहल साबित हुआ।
