रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मनेंद्रगढ़ की बड़ी मांग पूरी होने की कगार पर
चिरमिरी-नागपुर रोड हॉल्ट परियोजना के लिए 198 भूखंडों के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी, जल्द शुरू होगा मुआवजा वितरण
स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मनेंद्रगढ़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने चिरमिरी-नागपुर रोड हॉल्ट रेल परियोजना (17 किलोमीटर) के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है।
इस अधिसूचना के तहत 36.392 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले कुल 198 भूखंडों का अधिग्रहण किया जाएगा। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अब शीघ्र ही प्रभावित किसानों एवं भू-स्वामियों को मुआवजा वितरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
रेल अधिनियम 1989 के प्रावधानों के तहत केंद्र सरकार ने सक्षम प्राधिकारी की रिपोर्ट पर सहमति प्रदान करते हुए अंतिम अधिग्रहण की घोषणा की है। अधिसूचना के अनुसार, अधिग्रहित भूमि अब भारत सरकार (रेल मंत्रालय) के नाम दर्ज होगी और परियोजना कार्यों में उपयोग की जाएगी।
गौरतलब है कि इस परियोजना को वर्ष 2018-19 में मंजूरी दी गई थी। भूमि अर्जन की प्रक्रिया के दौरान 32 आपत्तियां दर्ज हुई थीं, जिनमें से 5 आपत्तियां सही पाई गईं। शेष आपत्तियों का निराकरण कर सक्षम प्राधिकारी ने रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी, जिसके बाद यह अधिसूचना जारी की गई।
इस अधिसूचना के साथ ही मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में यात्री सुविधाओं और रेल परियोजनाओं के विस्तार की दिशा में लंबे समय से चल रहा इंतजार समाप्त होने जा रहा है।
