उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने बस्तर जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की धीमी प्रगति को लेकर ठेकेदार को नोटिस जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि 6 जून को बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई थी।
करीब 69 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर श्री साव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ने निर्माण एजेंसी मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि कार्यस्थल उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त मैन-पावर, मशीनरी और निर्माण सामग्री की व्यवस्था नहीं होने के कारण परियोजना निर्धारित समयसीमा से पीछे चल रही है। विभाग के अनुसार निर्माण कार्य स्वीकृत कार्यक्रम और तय किए गए माइलस्टोन्स के अनुरूप नहीं हो पाया है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यों में तेजी लाने के लिए पूर्व में कई बार निर्देश और नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रगति संतोषजनक नहीं रही। उप मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान भी इस स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई थी।
लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को तत्काल अतिरिक्त संसाधन जुटाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य की प्रगति में शीघ्र और उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध की शर्तों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
