उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारतीय स्टेट बैंक की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर योजना के तहत बीमा क्लेम प्राप्त करने वाले प्रदेश के छह हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपए के चेक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों के दौरान 12 हजार लाभार्थियों को कुल 240 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्रदान की जा चुकी है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना आम नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि मात्र 436 रुपए के वार्षिक अंशदान पर उपलब्ध यह योजना कठिन परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक संबल और भविष्य के प्रति भरोसा देती है।
कार्यक्रम में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमित झिंगरन, बिजनेस स्ट्रेटजी प्रेसीडेंट श्री संतोष चाको, वेस्ट जोन के जोनल डायरेक्टर श्री राजीव श्रीवास्तव तथा भोपाल रीजन के रीजनल डायरेक्टर श्री अमित कुमार साहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
