रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी को इन महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। समारोह में शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के बलिदान को किया नमन
मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष शुरू किया और जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया। उन्होंने तीर-कमान के बल पर अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देकर साहस और स्वाभिमान का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अकाल के समय भूख से परेशान लोगों की सहायता की और अन्याय तथा शोषण के खिलाफ आवाज उठाई। देश की आजादी के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था।
युवाओं से शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय देखने की अपील
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास और उनके संघर्ष की स्मृतियों को संजोया गया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से संग्रहालय का भ्रमण करने और अपने महान पूर्वजों के योगदान को जानने की अपील की।
जनजातीय समाज के विकास के लिए संचालित हो रहीं योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विशेष पिछड़ी जनजातियों की बस्तियों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से भी जनजातीय परिवारों को लाभ मिल रहा है।
शिक्षा और आत्मनिर्भरता से संवरेगा जनजातीय युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सामाजिक और आर्थिक विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावास सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा के कारण विकास बाधित था, वहां अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए प्रत्येक परिवार तक विकास के अवसर पहुंचाना है।
तोखन साहू और अरुण साव ने भी किया संबोधित
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अनेक जननायकों ने देश और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने त्याग, तपस्या और संघर्ष से जनमानस के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और सामाजिक एकता मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने जनजातीय नायकों के योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, पारंपरिक रीति-रिवाजों और जड़ी-बूटियों से जुड़े पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण पर भी जोर दिया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
जनजातीय संस्कृति की दिखी झलक, 28 प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों के जीवन और ऐतिहासिक योगदान पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस दौरान सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी। साथ ही शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
