रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, आजीविका संवर्धन और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यह बात स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सोमवार को मोहला जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत
मंत्री गजेन्द्र यादव ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा जनजातीय समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग और बलिदान देशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
शहीद परिवारों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने जनजातीय समाज के प्रमुखों और समाज के उत्थान एवं विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान दिया गया। मंत्री ने शहीदों के बलिदान के साथ उनके परिवारों के त्याग और समर्पण को नमन किया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम स्थल पर मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से जनजातीय समाज के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ली। मंत्री ने निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
लोकनृत्य और लोकगीतों से दिखी जनजातीय संस्कृति की झलक
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगीतों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मंडावी, कलेक्टर तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ उज्जवल पोरवाल सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
