रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और पीढ़ियों से संजोई गई पारंपरिक कारीगरी को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। यह मुलाकात प्रदेश के पारंपरिक कलाकारों के लिए गौरवपूर्ण अवसर रही। इस दौरान छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला और शिल्पकारों की पीढ़ियों की मेहनत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।
राष्ट्रपति की इच्छा पर दिल्ली पहुंचा शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल
छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने व्यक्त की थी। इसी के तहत 50 शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।
बस्तर की ढोकरा कला है छत्तीसगढ़ की खास पहचान
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल शिल्पकला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा कला, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देशभर में पहचानी जाती है। इस कला के माध्यम से धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों की सुंदर कलाकृतियां तैयार की जाती हैं।
इन कलाकृतियों में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की झलक दिखाई देती है। कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को संरक्षित करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं।
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन
राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों की राष्ट्रपति से मुलाकात प्रदेश की जीवंत हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल रही।
यह मुलाकात उन कलाकारों के लिए भी खास रही, जो पीढ़ियों से मिले पारंपरिक ज्ञान और कौशल को आज भी जीवित रखे हुए हैं। राष्ट्रपति भवन में सम्मानजनक उपस्थिति से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और पारंपरिक कारीगरी की विशिष्ट पहचान को नई पहचान मिली है।
