रायगढ़, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रायगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री का आगमन जिंदल एयरपोर्ट पर हुआ, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के रायगढ़ आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगे। यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
