रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की। कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा और लोककलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं की विशिष्ट उपलब्धियों और समाज एवं राज्य के विकास में उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित करेगा।
आदिवासी उत्थान और समाजसेवा के क्षेत्र में सम्मान
आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को यति यतनलाल सम्मान मिलेगा।
महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान की सुश्री लता नेताम को मिनीमाता सम्मान दिया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए कबीरधाम जिले के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सहकारिता के क्षेत्र में धनसिंह बघेल एवं प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट, बस्तर को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार मिलेगा। सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान प्रदान किया जाएगा।
साहित्य, संस्कृति और लोककलाओं की प्रतिभाओं का सम्मान
छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को समृद्ध बनाने वाले कलाकारों और साहित्यकारों को भी राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
समकालीन रंगकर्म एवं नाटक के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान तथा हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान प्रदान किया जाएगा।
शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान, लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रायपुर की श्रीमती रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान तथा छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की श्रीमती साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दिया जाएगा।
पंथी नृत्य के क्षेत्र में रायपुर के सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान मिलेगा।
आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकर को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार तथा साहित्य एवं काव्य के माध्यम से सामाजिक समानता के क्षेत्र में योगदान के लिए बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान प्रदान किया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मान
पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा।
हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में रायपुर के वरुण सखाजी एवं रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए रायपुर के शिशिर राय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार तथा रचनात्मक लेखन एवं हिन्दी भाषा के क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक अनंत विजय, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
खेल, कृषि और चिकित्सा के क्षेत्र में सम्मान
खेल के क्षेत्र में कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान तथा बालोद के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कृषि के क्षेत्र में कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार मिलेगा। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान तथा मत्स्य पालन के क्षेत्र में बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
संस्कृत भाषा, आदिवासी सेवा और श्रम क्षेत्र में भी सम्मान
संस्कृत भाषा के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आदिवासियों की सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल के श्री सी. श्रीनिवास को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान मिलेगा।
श्रम के क्षेत्र में श्री अंतरयामी सामल, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, बलौदाबाजार को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार तथा अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान
अप्रवासी भारतीयों द्वारा सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधन विकास एवं आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए दंतेवाड़ा की श्रीमती दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दिया जाएगा।
हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा और निर्माण के क्षेत्र में रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान तथा निर्देशन के क्षेत्र में रायपुर के मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किया जाएगा।
पंडवानी कला के क्षेत्र में दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीजन बाई सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण, विधि और ग्रामीण पर्यटन में योगदान
महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के क्षेत्र में कांकेर की श्रीमती बुलबुल बैद्या को माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया जाएगा।
विधि के क्षेत्र में दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला एवं रायपुर के हेमंत कुमार मिश्र को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिया जाएगा। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कबीरधाम के सत्येंद्र कुमार उपाध्याय को चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा राज्य अलंकरण समारोह
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्पण, परिश्रम, प्रतिभा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का अभिनंदन है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित राज्योत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्य अलंकरण समारोह इस आयोजन को और अधिक गौरवपूर्ण बनाएगा।
मंत्री ने सम्मान के लिए चयनित सभी विभूतियों एवं संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट कार्य करने, अपनी संस्कृति से जुड़े रहने और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
