रायपुर। छत्तीसगढ़ में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजधानी रायपुर में आज 7 अक्टूबर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले की शुरुआत हो रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है।
रोजगार विभाग के अनुसार, मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों ने कुल 9,449 रिक्तियों की जानकारी दी है। इनमें 8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को सीधे रोजगार मिलने का अवसर मिलेगा। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
10वीं-12वीं पास युवाओं को भी मौका
रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें केवल उच्च शिक्षित युवाओं के लिए ही अवसर नहीं हैं। 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके युवा भी इसमें शामिल हो सकते हैं। अलग-अलग कंपनियों की जरूरत के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रताएं निर्धारित की गई हैं।
8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री होंगे शामिल
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें प्रोत्साहित करने से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
दस्तावेज लेकर पहुंच सकते हैं युवा
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता, ITI/डिप्लोमा प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, बायोडाटा और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाएं।
