रायपुर। छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी संभावनाओं को आगे बढ़ाते हुए सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में 43,250 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं प्राप्त की हैं। इनमें सबसे बड़ा 41,750 करोड़ रुपये का निवेश AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में भागीदारी की।
100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है।
कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है। मुख्यमंत्री साय ने फोरम के दौरान कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।
राज्य में पहले से AI डेटा सेंटर पार्क
छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में पहले से ही निवेश गतिविधियां जारी हैं। राज्य में भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित होने की जानकारी दी गई है। नए प्रस्तावित डेटा सेंटर कैंपस के साथ राज्य में AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और नीतिगत समर्थन छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजना के जरिए मध्य भारत में बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम किया जाएगा।
सोलर और बैटरी स्टोरेज के लिए 1,500 करोड़ का प्रस्ताव
फोरम में छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से भी 1,500 करोड़ रुपये के FDI प्रस्ताव की जानकारी मिली। यह निवेश सोलर ऊर्जा क्षेत्र के साथ बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और लोगों के प्रति निवेशकों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं से राज्य में रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
हरियाणा CM के साथ फायरसाइड चैट में शामिल हुए साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में साय ने राज्य में किए जा रहे औद्योगिक और प्रशासनिक सुधारों की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सुधारों, औद्योगिक नीति और सरकार की सक्रियता के चलते पिछले 18 महीनों में राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
सिंगापुर सरकार की राज्य मंत्री भी हुईं शामिल
सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग फोरम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
फोरम से इतर मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में निवेशकों से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर 2026 को सिंगापुर में CEO राउंडटेबल में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस दौरान SING फोरम के जरिए सामने आए निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
