Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। 25 सितंबर 2026 तक प्रदेश में सामान्य वर्षा का 100.1 प्रतिशत बारिश दर्ज की जा चुकी है। बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश हुई है, जबकि कुछ जिलों में अब भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है।
25 सितंबर तक 1082.4 मिमी बारिश दर्ज
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 25 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसतन 1082.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। इस अवधि में पिछले 10 वर्षों के आधार पर सामान्य वर्षा का अनुमान 1081.5 मिमी था। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से थोड़ा अधिक पानी बरसा है। वहीं पिछले 24 घंटों में राज्यभर में औसतन 52.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
बलरामपुर में सामान्य से 69.4 फीसदी ज्यादा बारिश
बारिश के प्रतिशत के लिहाज से बलरामपुर जिला इस मानसून में सबसे आगे है। यहां अब तक 1527.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य वर्षा का 169.4 प्रतिशत है। वहीं कुल बारिश की मात्रा के मामले में नारायणपुर सबसे आगे है, जहां अब तक 1600.4 मिमी पानी बरस चुका है।
बीते 24 घंटों में बस्तर में सबसे ज्यादा 188.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोंडागांव में 161.8 मिमी, नारायणपुर में 151.9 मिमी और गरियाबंद में 110.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रायपुर समेत इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
मध्य छत्तीसगढ़ में भी इस बार मानसून मेहरबान रहा है। राजधानी रायपुर में 1180.2 मिमी यानी 129.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। गरियाबंद में 1357.7 मिमी (126.5%), धमतरी में 1201.7 मिमी (113.4%), महासमुंद में 1204.2 मिमी (121.7%) और बालोद में 1192.1 मिमी (115.0%) वर्षा हुई है।
बिलासपुर संभाग के मुंगेली में 1026.5 मिमी (108.8%) तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1161.3 मिमी (134.1%) बारिश रिकॉर्ड की गई है। सूरजपुर में भी 1173.6 मिमी यानी सामान्य का 111.2 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई है।
इन जिलों में बारिश अभी सामान्य से कम
प्रदेश के कुछ जिलों में मानसून की बारिश अभी भी सामान्य आंकड़े से पीछे है। सरगुजा में 606.6 मिमी (75.5%), जशपुर में 828.7 मिमी (79.7%), कबीरधाम में 672.0 मिमी (82.2%), बेमेतरा में 597.1 मिमी (74.5%) और कांकेर में 1110.7 मिमी (75.9%) बारिश दर्ज की गई है।
इसके अलावा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 74.7 प्रतिशत और बीजापुर में 78.7 प्रतिशत बारिश हुई है। हालांकि बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और राजनांदगांव समेत कई जिलों में कुल वर्षा सामान्य के आसपास बनी हुई है।
