नई दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार शाम आस्था कुंज पार्क और मंदिर के आसपास हुई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ शाम करीब 7 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास स्थित पार्क की ओर गए। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों से पूछताछ करने लगे।
आरोप है कि युवकों ने किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया और किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
रात करीब 8:45 बजे पुलिस को पार्क से PCR कॉल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस की एक आरोपी से मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी आसिफ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस अब मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच के तहत CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
