रायपुर, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान की पहली पहल ‘आशीर्वाद का दिया’ का सूरजपुर जिले में उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजन किया गया। जिले में 4 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, संकल्प और सकारात्मकता का संदेश दिया गया। जिला मुख्यालय स्थित रंगमंच में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी दीप जलाकर अपनी सहभागिता निभाई।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा और जनहित से जुड़े कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी एक माह तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं और अनेक योजनाओं का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और निर्णयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अनुच्छेद 370, नोटबंदी, तीन तलाक के विरुद्ध कानून, महिला आरक्षण से संबंधित कानून, जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल भुगतान और आयुष्मान भारत जैसी पहलों का जिक्र किया। उन्होंने किसानों के लिए संचालित योजनाओं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से परिवारों को मिल रहे पक्के आवास का भी उल्लेख किया।
सेवा संकल्प अभियान के जिला स्तरीय आयोजन में सूरजपुर की आदिवासी संस्कृति, लोककला और परंपराओं की भी झलक देखने को मिली। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में वाद्ययंत्रों की थाप और लोकगीतों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन के माध्यम से स्थानीय कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया गया।
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विद्यालयीन छात्र-छात्राओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। एक साथ जलाए गए लाखों दीपों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के प्रति जनभागीदारी और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।
