80th Independence Day PM Modi : नई दिल्ली। देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री के रूप में यह लगातार 13वीं बार है, जब नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश को संबोधित किया।
पहली बार लाल किले पर गूंजा ‘वंदे मातरम्’
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की सबसे खास बात रही कि लाल किले पर पहली बार आधिकारिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेना के बैंड ने इसकी धुन प्रस्तुत की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। एनसीसी कैडेट्स और ‘माय भारत’ के स्वयंसेवकों ने भी इसमें हिस्सा लिया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
21 तोपों की सलामी और आसमान से पुष्पवर्षा
तिरंगा फहराने के बाद प्रधानमंत्री को 21 तोपों की सलामी दी गई। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों ने भी लाल किले के ऊपर से पुष्पवर्षा कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बना दिया। लाल किले का पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया और बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक समारोह के साक्षी बने।
पीएम मोदी बोले- भारत को आत्मनिर्भर बनना है
देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रहने के बजाय अपने सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी है और अब भारत को बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ना है।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए की। उन्होंने महात्मा गांधी समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया और कहा कि देश उनकी कुर्बानियों को कभी नहीं भूल सकता।
अब देश छोटे सपनों से नहीं चलेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है, जब वह अपने सपनों को संकल्प और सामर्थ्य के साथ पूरा करता है। उन्होंने कहा कि भारत अब छोटे सपनों से चलने वाला देश नहीं है। बड़े सपने हमारी सोच का विस्तार करते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मजबूत संकल्प जरूरी है। उन्होंने देशवासियों से बड़े लक्ष्य तय करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
