स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर अंचल में राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 13 अगस्त को सुकमा जिले में आयोजित होने वाली इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप शामिल होंगे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मोटरसाइकिलों के माध्यम से आयोजित यह यात्रा बस्तर के उन दुर्गम गांवों और क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जो कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं और अब शांति, सुरक्षा तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
13 अगस्त को यात्रा चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बुर्कापाल, मिनपा-टाड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम होते हुए आवापल्ली और बीजापुर पहुंचेगी। बीजापुर में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
यात्रा के माध्यम से बस्तर की बदलती तस्वीर को देश-दुनिया के सामने लाने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों तथा नागरिकों के बलिदान को नमन करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही तिरंगे और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
बस्तर तिरंगा यात्रा में महिला बाइकर्स की भी विशेष भागीदारी रहेगी। प्रत्येक जिले से बड़ी संख्या में बाइक राइडर यात्रा में शामिल होंगे। स्थानीय युवा, स्वयंसेवी संगठन, महिला समूह, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड और जनप्रतिनिधि भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
यात्रा के दौरान प्रत्येक शहीद स्थल पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत शहीदों की संख्या के अनुरूप पौधरोपण किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोगों को नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
