व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट को ज्यादा सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए तीन नए फीचर्स पेश किए हैं। इनमें पोल के लिए टाइमर, @all Mention और मौजूदा ग्रुप के सदस्यों के साथ एक क्लिक में नया ग्रुप बनाने का विकल्प शामिल है। इन फीचर्स को दुनियाभर के यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
पोल में मिलेगा टाइमर और एडिट का विकल्प
अब व्हाट्सऐप यूजर्स किसी भी पोल के लिए समय सीमा तय कर सकेंगे। निर्धारित समय पूरा होने के बाद पोल अपने आप बंद हो जाएगा। यह फीचर मीटिंग, इवेंट या किसी समय-सीमा वाले फैसले के लिए उपयोगी होगा।
इसके अलावा पोल में वोट देने वाले लोगों के नाम छिपाने का विकल्प भी मिलेगा। वहीं, पोल बनाने वाला व्यक्ति सवाल में गलती होने पर उसे 15 मिनट के भीतर एडिट कर सकेगा। इससे गलती होने पर नया पोल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
@all Mention से एक साथ सभी सदस्यों को मिलेगा नोटिफिकेशन
ग्रुप चैट में अब @all Mention फीचर भी जोड़ा गया है। इसके जरिए यूजर @all लिखकर ग्रुप के सभी सदस्यों को एक साथ नोटिफिकेशन भेज सकता है। इससे जरूरी सूचना या महत्वपूर्ण घोषणा के लिए हर सदस्य को अलग-अलग टैग करने की जरूरत नहीं होगी।
32 से ज्यादा सदस्यों वाले ग्रुप में यह सुविधा केवल ग्रुप एडमिन के लिए उपलब्ध होगी। वहीं, यूजर्स अपनी Notification Settings में जाकर @all नोटिफिकेशन को म्यूट भी कर सकेंगे।
एक क्लिक में बना सकेंगे नया ग्रुप
व्हाट्सऐप ने ग्रुप मैनेजमेंट को आसान बनाने के लिए एक और सुविधा जोड़ी है। अब मौजूदा ग्रुप के सदस्यों के साथ एक ही स्टेप में नया ग्रुप बनाया जा सकेगा। इसके लिए सदस्यों को दोबारा एक-एक करके जोड़ने की जरूरत नहीं होगी।
यह फीचर खास तौर पर किसी विशेष विषय पर अलग चर्चा, कार्यक्रम की योजना या किसी खास गतिविधि के लिए नया ग्रुप बनाने में उपयोगी होगा। इससे मुख्य ग्रुप की बातचीत को व्यवस्थित रखने में भी मदद मिलेगी।
इन नए फीचर्स के जरिए व्हाट्सऐप ने ग्रुप चैट में जरूरी सूचनाओं को जल्दी पहुंचाने, फैसले लेने और ग्रुप को बेहतर तरीके से मैनेज करने की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की है।
