गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत 2.0’ अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से मुक्त, स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को नशा मुक्ति अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनकर अपने गांव, शहर और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता फैलानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम भी है। वहीं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने युवाओं से शिक्षा, खेल, नवाचार और समाज सेवा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं, माय भारत स्वयंसेवकों, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स और विभिन्न महाविद्यालयों के युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ ली। स्वास्थ्य शिविर में दो दर्जन से अधिक युवाओं और प्राध्यापकों ने रक्तदान भी किया।
इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, कुलसचिव प्रो. ए.के. दीक्षित, माय भारत के उप निदेशक नितिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन गुरु घासीदास विश्वविद्यालय एवं माय भारत, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
