वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल तथा सभी फील्ड कार्यालयों में अब कार्यालयीन फाइलों और डाक का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाएगा।
मंत्री श्री कश्यप ने स्पष्ट किया कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर फिजिकल फाइल संचालित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस के जरिए ही कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन करेंगे, ताकि शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था से फाइलों के निपटारे में तेजी आएगी, निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी तथा सभी कार्यों की ऑनलाइन निगरानी संभव होगी। इससे अनावश्यक विलंब कम होगा और आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा दे रही है। वन विभाग में ई-ऑफिस व्यवस्था का पूर्ण क्रियान्वयन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था के शत-प्रतिशत पालन की नियमित समीक्षा करने और शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
