काठमांडू। नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने भारत से लगती खुली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। विराटनगर के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि सीमा पार होने वाले अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए संघीय, प्रांतीय और स्थानीय सरकारों को मिलकर काम करना होगा।
गृहमंत्री ने मोरंग जिला प्रशासन कार्यालय, कोशी प्रांत पुलिस कार्यालय, रानी बॉर्डर पॉइंट, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। विराटनगर आईसीपी पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के लिए पर्याप्त आवास, सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक निगरानी प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने से सीमा शुल्क राजस्व में वृद्धि होगी, जिसका सकारात्मक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर देते हुए कहा कि नए वित्तीय वर्ष के बजट के लागू होने के बाद गृह मंत्रालय इन सुधारों को प्राथमिकता देगा। साथ ही स्थानीय और प्रांतीय सरकारों से भी सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की।
