रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की 14 वर्षीय छात्रा महिमा राजपूत का अंतरराष्ट्रीय शक्तिसैट मिशन के लिए चयन हुआ है। इस मिशन के तहत वह सैटेलाइट निर्माण से जुड़ी विशेष कार्यशाला में भाग लेंगी।
108 देशों के छात्रों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व
महिमा रायपुर के गुढ़ियारी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा हैं। शक्तिसैट मिशन के तहत 108 देशों की 12 से 18 वर्ष की लड़कियों को स्पेस टेक्नोलॉजी और सैटेलाइट इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। 8 दिवसीय कार्यशाला 23 अगस्त से दिल्ली में शुरू होगी।
क्या है शक्तिसैट मिशन
‘शक्तिसैट’ प्रोग्राम भारतीय एयरोस्पेस संस्था ‘स्पेस किड्स इंडिया’ की पहल है। इसके तहत दुनिया भर की स्कूली छात्राओं को सैटेलाइट बिल्डिंग, स्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े 21 मॉड्यूल और 365 पाठों के जरिए ट्रेनिंग दी जाती है। 120 घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग के बाद हर देश से एक बेस्ट स्टूडेंट का चयन किया जाता है। भारत की ओर से महिमा राजपूत का चयन हुआ है।
CM साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि 14 वर्ष की उम्र में 108 देशों के विद्यार्थियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने महिमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
