फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की शुरुआत जीत के साथ नहीं हो सकी। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में पुर्तगाल को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा। मैच में कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो गोल करने में सफल नहीं हो सके।
अमेरिका के ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल ने आक्रामक शुरुआत की। टीम को छठे मिनट में ही बढ़त मिल गई, जब जोआओ नेवेस ने गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। शुरुआती बढ़त के बाद पुर्तगाल ने दबाव बनाए रखा, लेकिन दूसरा गोल नहीं कर सका।
कांगो ने भी मुकाबले में वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। पहले हाफ के अतिरिक्त समय में आर्थर मासुआकू के क्रॉस पर योआने विस्सा ने शानदार हेडर लगाकर गोल दागा और टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका।
मुकाबले में गेंद पर अधिकांश समय पुर्तगाल का कब्जा रहा, लेकिन कांगो के मजबूत रक्षापंक्ति ने रोनाल्डो समेत पुर्तगाली खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रोनाल्डो पूरे मैच में गोल की तलाश में रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हालांकि गोल नहीं कर पाने के बावजूद रोनाल्डो ने एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम किया। 41 वर्ष 132 दिन की उम्र में वह फीफा वर्ल्ड कप मैच में शुरुआत करने वाले सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए। यह उनके करियर का 23वां विश्व कप मुकाबला भी था।
ड्रॉ के साथ दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ की है।
