दंतेवाड़ा, 30 मई 2026। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट उपयोग, विकास कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, जल संसाधन, वन, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग से वर्ष 2025-26 के बजट, स्वीकृत कार्यों, व्यय की स्थिति तथा उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विद्यालय भवनों की स्थिति, जर्जर एवं भवनविहीन स्कूलों, आवश्यक मरम्मत कार्यों तथा विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
वन विभाग और तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की समीक्षा
वन विभाग से वर्ष 2025-26 में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की प्रगति तथा पिछले वर्षों के बोनस वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही ArcelorMittal द्वारा सीएसआर मद से संचालित विकास कार्यों और गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
पंचायतों की भागीदारी से हों विकास कार्य
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि सीएसआर निधि का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं और पंचायतों की प्राथमिकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनियां केवल स्वयं एजेंसी बनकर कार्य करने के बजाय पंचायतों के माध्यम से भी विकास कार्यों का क्रियान्वयन करें, जिससे स्थानीय सहभागिता बढ़े और योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, बजट का प्रभावी उपयोग तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, जिला पंचायत सदस्यगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि विभागीय समन्वय और नियमित समीक्षा से विकास कार्यों में तेजी आएगी और जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
