दुर्ग के आर्यनगर इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे से लटके मिले, जबकि दो बच्चों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शुरुआती आशंका जहर सेवन की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्णा साहू (13) और बेटे यशांत साहू (10) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल नोट में क्या लिखा है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही विजय अग्रवाल सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आत्महत्या, हत्या और अन्य सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
