Anthropic के अप्रकाशित AI मॉडल “Claude Mythos Preview” को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। कुछ डिस्कॉर्ड उपयोगकर्ताओं के एक समूह ने दावा किया है कि उन्होंने कंपनी के इस कथित सीक्रेट मॉडल तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर ली। इस घटना के बाद AI सुरक्षा और संवेदनशील मॉडलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक “Claude Mythos” नाम का यह मॉडल अभी सार्वजनिक रूप से जारी नहीं किया गया था और इसे सीमित साझेदारों के लिए उपलब्ध कराया गया था। कंपनी का दावा था कि यह मॉडल बड़े स्तर पर सॉफ्टवेयर की कमजोरियों की पहचान करने और साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यों में बेहद सक्षम है।
बताया जा रहा है कि डिस्कॉर्ड समूह ने किसी जटिल हैकिंग तकनीक के बजाय कंपनी के पुराने नामकरण पैटर्न और संभावित ऑनलाइन लोकेशन का अनुमान लगाकर मॉडल तक पहुंच बनाई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि समूह के एक सदस्य को पहले से बाहरी ठेकेदार के रूप में सीमित एक्सेस मिला हुआ था, जिससे उन्हें अतिरिक्त मदद मिली।
जानकारी के अनुसार यह समूह एक निजी ऑनलाइन मंच पर सक्रिय है, जहां नए और अप्रकाशित AI मॉडलों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती है। समूह के एक सदस्य ने दावा किया कि मॉडल का उपयोग किसी नुकसानदायक गतिविधि के लिए नहीं, बल्कि सामान्य प्रयोग जैसे वेबसाइट निर्माण के लिए किया गया।
इस मामले को Anthropic ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोगों ने मॉडल तक पहुंच बनाई और क्या किसी प्रकार का दुरुपयोग हुआ।
यह घटनाक्रम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि जिस मॉडल को भविष्य में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाला बताया जा रहा था, उसी की सुरक्षा में सेंध की खबरें सामने आई हैं।
