प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की हालिया मुलाकातें इस समय वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं को “Melody” नाम से ट्रेंड किया जा रहा है और उनकी तस्वीरों व वीडियो पर इंस्टाग्राम समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर रील्स और मीम्स की बाढ़ आ गई है।
प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचने पर दोनों नेताओं की मुलाकात ने कूटनीतिक और सोशल मीडिया दोनों स्तरों पर खास ध्यान आकर्षित किया। रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ रात्रिभोज किया और ऐतिहासिक कोलोसियम का भ्रमण भी किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक एवं द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ रात्रिभोज और कोलोसियम भ्रमण का अवसर मिला, जहां दोनों नेताओं ने भारत और इटली की मित्रता को और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार साझा किए। वहीं प्रधानमंत्री मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए लिखा, “रोम में स्वागत है मेरे मित्र।”
दोनों नेताओं की अनौपचारिक बातचीत, साथ में यात्रा करते हुए वीडियो और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मेलोनी को “Melody” टॉफी भेंट करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लाखों लोग इन वीडियो को साझा कर रहे हैं और मजेदार मीम्स व रील्स बना रहे हैं।
इस मुलाकात को भारत और इटली के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से लिखे एक लेख में भारत और इटली के संबंधों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के नए दौर में प्रवेश करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
लेख में 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो से आगे ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। रक्षा, एयरोस्पेस, स्वच्छ ऊर्जा, मशीनरी, दवाइयों, कृषि, पर्यटन और वस्त्र उद्योग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री मेलोनी ने “मेक इन इंडिया” और “मेड इन इटली” पहल के बीच बेहतर तालमेल की बात करते हुए कृत्रिम मेधा (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, डिजिटल अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण में साझेदारी बढ़ाने पर बल दिया। दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि तकनीक का उपयोग मानव कल्याण और समावेशी विकास के लिए होना चाहिए।
रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल के बाहर भारतीय प्रवासियों ने तिरंगे लहराए, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए। प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों से भी मुलाकात की।
भारत और इटली ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे को वैश्विक संपर्क और व्यापार का नया माध्यम बताते हुए इसे आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है। दोनों देशों ने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक सहयोग को भविष्य की साझेदारी का आधार बताया है।
