रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। गरबा आयोजनों में छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट की महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी। ये पुलिसकर्मी गरबा की पोशाक पहनकर आम प्रतिभागियों के बीच मौजूद रहेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
पंडालों के अंदर और प्रवेश द्वारों पर होगी तैनाती
पुलिस कमिश्नर की ओर से 17 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, महिला पुलिसकर्मियों को गरबा पंडालों के अंदर और प्रवेश द्वारों पर तैनात किया जाएगा। इस दौरान वे महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने और अभद्र व्यवहार करने वाले लोगों पर नजर रखेंगी। इसके अलावा आयोजन स्थलों के आसपास पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
शिकायत मिलने पर तुरंत पहुंचेगी पुलिस टीम
गरबा आयोजन के दौरान किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी डर के नवरात्रि उत्सव में शामिल हो सकें।
महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210932 जारी किया है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, शिकायत करने वाली महिला की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से अपील की है कि वे नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों में बिना किसी डर के शामिल हों। किसी भी तरह की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
