नई दिल्ली। Instagram ने यूजर्स के लिए नया “Instants” फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर के जरिए अब यूजर्स बिना किसी एडिटिंग के सीधे फोटो क्लिक कर अपने दोस्तों को भेज सकेंगे। खास बात यह है कि फोटो देखने के बाद अपने आप डिलीट हो जाएगी।
इंस्टाग्राम का यह नया फीचर रियल और अनफिल्टर्ड मोमेंट्स शेयर करने को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाया गया है। कंपनी के मुताबिक अब बड़ी संख्या में यूजर्स प्रोफाइल पोस्ट की बजाय निजी बातचीत और इंस्टेंट शेयरिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं।
कैसे काम करेगा नया फीचर
यूजर्स इंस्टाग्राम इनबॉक्स में नीचे दाईं ओर दिए गए कैमरा आइकन से सीधे फोटो क्लिक कर सकेंगे। इसके बाद फोटो केवल उन लोगों को भेजी जा सकेगी जो एक-दूसरे को फॉलो करते हैं।
एक बार रिसीवर द्वारा फोटो खोलने के बाद वह तुरंत गायब हो जाएगी और दोबारा नहीं देखी जा सकेगी।
नहीं मिलेंगे Editing Tools
इस फीचर में किसी तरह के एडिटिंग टूल्स शामिल नहीं किए गए हैं। यूजर केवल फोटो क्लिक करने से पहले एक छोटा कैप्शन जोड़ सकते हैं। इंस्टाग्राम का कहना है कि इसका उद्देश्य “रियल लाइफ मोमेंट्स” को बिना फिल्टर के शेयर करना है।
Screenshot और Screen Recording पर रोक
इंस्टाग्राम ने इस फीचर में प्राइवेसी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स भी जोड़े हैं। यानी रिसीवर के लिए फोटो सेव करना आसान नहीं होगा।
इसके अलावा यह फीचर टीन अकाउंट्स और पैरेंटल कंट्रोल सिस्टम से भी जुड़ा होगा, जिससे माता-पिता बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और स्क्रीन टाइम पर नजर रख सकेंगे।
एक साल तक Private Archive में सुरक्षित रहेंगी Photos
भले ही भेजी गई तस्वीरें रिसीवर के लिए गायब हो जाएं, लेकिन भेजने वाले यूजर के लिए वे एक निजी आर्काइव में एक साल तक सुरक्षित रहेंगी। बाद में इन्हें “Recap” फीचर के जरिए स्टोरी में भी शेयर किया जा सकेगा।
अलग Standalone App की भी टेस्टिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक इंस्टाग्राम कुछ देशों में इस फीचर के लिए एक अलग स्टैंडअलोन ऐप की टेस्टिंग भी कर रहा है। यह ऐप सीधे कैमरा एक्सेस देने के लिए बनाया जा रहा है और इंस्टाग्राम अकाउंट से लिंक रहेगा।
तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि इंस्टाग्राम का यह फीचर सोशल मीडिया पर तेज, निजी और वास्तविक बातचीत को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।
