दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान शासकीय कर्मचारी से दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Manishankar Chandra ने बताया कि प्रार्थी अशोक कुमार देवांगन धमधा स्थित पटेल होटल में जनगणना से संबंधित शासकीय कार्य का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी संतोष पटेल वहां पहुंचा और कार्य में हस्तक्षेप करते हुए विवाद करने लगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने न केवल शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया, बल्कि सरकारी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश भी की। प्रार्थी की शिकायत पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 123/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 221 सहित जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात शासकीय कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
