RCB vs KKR मुकाबले को लेकर ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, घर से निकलने से पहले जरूर देखें रूट
आज Indian Premier League के तहत Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के बीच मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष पार्किंग और रूट प्लान जारी किया है।
रायपुर शहर से स्टेडियम जाने का रूट
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम तिराहा पहुंचेंगे। यहां से साईं अस्पताल रोड होते हुए स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा कोसा पार्किंग में वाहन पार्क किए जाएंगे। पार्किंग फुल होने पर श्री सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
बिलासपुर की ओर से आने वालों के लिए रूट
बिलासपुर-रायपुर मार्ग से आने वाले दर्शक धनेली नाला, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, मंदिर हसौद और नवागांव होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
बलौदाबाजार-खरोरा रूट
बलौदाबाजार और खरोरा की ओर से आने वाले दर्शक विधानसभा ओवरब्रिज चौक, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक और मंदिर हसौद होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। पार्किंग व्यवस्था परसदा और कोसा पार्किंग में रहेगी।
धमतरी-जगदलपुर से आने वाले दर्शकों के लिए
धमतरी और जगदलपुर मार्ग से आने वाले लोग अभनपुर, केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक और सेंध तालाब होकर स्टेडियम पहुंचेंगे। वाहन परसदा कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
दुर्ग-भिलाई से आने वालों के लिए मार्ग
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शक टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेड़ी नाका, तेलीबांधा और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर नया रायपुर मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे। पार्किंग परसदा कोसा पार्किंग में रहेगी।
महासमुंद-सरायपाली से आने वालों के लिए
महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शक आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग होकर परसदा और कोसा पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
A, B, C, D, E, F और G पार्किंग पास वाले वाहन सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, नया रायपुर प्रवेश मार्ग, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक और कोटराभांठा चौक होकर निर्धारित पार्किंग में प्रवेश करेंगे।
भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
आईपीएल मैच के दौरान नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
