50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में आज 13 मई से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 मई के दौरान प्रदेश के एक-दो इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। साथ ही अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत भी दिए गए हैं। मई महीने में प्रदेश में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म
फिलहाल राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर या शाम के समय बादल छा सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
